न्यू दिल्ली : दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी इलॉन मस्क ने एक नया इतिहास बना दिया है। स्पेसएक्स के IPO की शानदार लिस्टिंग के बाद उनकी नेटवर्थ पहली बार 1 ट्रिलियन डॉलर यानी करीब 95 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गई है। इस तरह मस्क दुनिया के पहले ट्रिलिनियर बन गए हैं। अमेरिकी शेयर बाजार नैस्डैक पर स्पेसएक्स के शेयरों की ट्रेडिंग 150 डॉलर प्रति शेयर से शुरू हुई, जबकि इसका IPO प्राइस 135 डॉलर तय किया गया था। लिस्टिंग के साथ ही कंपनी की मार्केट वैल्यू करीब 1.96 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई।
स्पेसएक्स ने इस IPO के जरिए करीब 75 बिलियन डॉलर यानी 7.15 लाख करोड़ रुपए जुटाए हैं। यह अमेरिकी बाजार का अब तक का सबसे बड़ा IPO माना जा रहा है। मस्क के पास स्पेसएक्स में बड़ी हिस्सेदारी है, जिसकी वजह से शेयरों की कीमत बढ़ते ही उनकी निजी संपत्ति में भी जबरदस्त उछाल आया।
एक ट्रिलियन डॉलर की रकम कितनी बड़ी है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अगर कोई व्यक्ति हर घंटे करीब 10 करोड़ रुपए खर्च करे, तो भी इतनी दौलत खत्म करने में 114 साल से ज्यादा लग जाएंगे। मस्क की संपत्ति दुनिया के कई अमीर देशों की अर्थव्यवस्था से भी ज्यादा बताई जा रही है।
स्पेसएक्स की सफलता के पीछे उसकी रियूजेबल रॉकेट टेक्नोलॉजी सबसे बड़ी वजह मानी जाती है। साल 2002 में शुरू हुई इस कंपनी ने अंतरिक्ष क्षेत्र में बड़ा बदलाव किया है। साल 2020 में स्पेसएक्स ने पहला निजी मानव अंतरिक्ष मिशन लॉन्च कर इतिहास रचा था।
हालांकि, मस्क की इस रिकॉर्ड दौलत को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। कई एक्सपर्ट्स का मानना है कि कंपनी का वैल्यूएशन काफी ज्यादा है क्योंकि स्पेसएक्स ने अभी तक बड़ा मुनाफा दर्ज नहीं किया है। इसके बावजूद निवेशकों का भरोसा मस्क के विजन और कंपनी की भविष्य की योजनाओं पर कायम है।
