दिल्ली: सोने और चांदी की कीमतों में इस सप्ताह गिरावट दर्ज की गई है, जिससे निवेशकों और खरीदारी की तैयारी कर रहे ग्राहकों को कुछ राहत मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन यानी IBJA के ताजा आंकड़ों के मुताबिक 24 कैरेट सोने की कीमत में 2,225 रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी आई है। इसके बाद सोने का भाव घटकर 1 लाख 54 हजार 238 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। पिछले सप्ताह 30 मई को यही कीमत 1 लाख 56 हजार 463 रुपये थी। वहीं चांदी की कीमत में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली है। एक किलो चांदी का भाव 6,442 रुपये घटकर 2 लाख 56 हजार 908 रुपये पर आ गया है, जो पिछले सप्ताह 2 लाख 63 हजार 350 रुपये था।
हालांकि इस सप्ताह गिरावट देखने को मिली है, लेकिन पूरे साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो सोना और चांदी दोनों ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है। वर्ष 2025 के अंत में सोना 1 लाख 33 हजार 195 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो अब भी करीब 21 हजार रुपये महंगा बना हुआ है। इसी तरह चांदी भी 2 लाख 30 हजार 420 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 2 लाख 56 हजार 908 रुपये पर पहुंची हुई है। इस साल जनवरी में सोने ने 1 लाख 76 हजार रुपये और चांदी ने 3 लाख 86 हजार रुपये प्रति किलो का ऑल टाइम हाई स्तर भी छुआ था।
विशेषज्ञों का कहना है कि सोना खरीदते समय हमेशा बीआईएस हॉलमार्क वाला प्रमाणित सोना ही खरीदना चाहिए और खरीदारी से पहले विभिन्न स्रोतों से कीमतों का मिलान जरूर कर लेना चाहिए। बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच निवेशकों की नजर अब आने वाले हफ्तों में सोने-चांदी की चाल पर बनी हुई है।
