लखनऊ के चिनहट इलाके से प्रेमी-प्रेमिका की आत्महत्या का मामला सामने आया है। दोनों के शव एक होटल के कमरे में फंदे से लटके मिले। मृतक युवक हिंदू और युवती मुस्लिम समुदाय से थी। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों के परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे।
जानकारी के मुताबिक, हरदोई के रहने वाले 22 वर्षीय अमित कुमार और 19 वर्षीय नरगिस पिछले करीब 18 दिनों से चिनहट स्थित रेड बिल्डिंग गेस्ट हाउस में कमरा लेकर रह रहे थे। बुधवार को दोनों पूरे दिन कमरे से बाहर नहीं निकले। रात करीब आठ बजे होटल कर्मचारी ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से देखने पर कर्मचारी को दोनों संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे की तलाशी ली। वहां एक बैग, मोबाइल फोन, चार्जर और रोजमर्रा के इस्तेमाल का सामान मिला। पुलिस को आर्य समाज मंदिर से जारी शादी का प्रमाणपत्र भी मिला है। प्रमाणपत्र में युवती का नाम नरगिस उर्फ पूजा और युवक का नाम अमित कुमार दर्ज बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक, कमरे से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें दोनों ने अपनी मर्जी से यह कदम उठाने की बात लिखी है और परिवार को परेशान नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने नोट को जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है।
जांच में यह भी सामने आया कि युवती के पिता उस्मान ने 23 अगस्त को हरपालपुर थाने में अमित कुमार के खिलाफ बेटी के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 21 अगस्त की सुबह अमित युवती को अपने साथ ले गया था।
फिलहाल पुलिस दोनों परिवारों से जानकारी जुटा रही है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
