लखनऊ प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में बड़ा खुलासा, ड्राइवर ने खोले साजिशकर्ता और शूटरों के राज

लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में एनजीओ संचालक और प्रॉपर्टी डीलर धीरेंद्र प्रताप सिंह की अपहरण के बाद हुई हत्या के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। मुख्य आरोपी और धीरेंद्र के ड्राइवर रवि किशन से पुलिस ने करीब 12 घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान पुलिस के मुताबिक, रवि ने हत्या की साजिश के सूत्रधार, शूटरों और असलहा उपलब्ध कराने वाले लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी है।

कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मंगलवार सुबह करीब 10 बजे रवि किशन को 24 घंटे की कस्टडी रिमांड पर लिया था। थाने में लंबी पूछताछ के बाद पुलिस उसे उन स्थानों पर भी लेकर गई, जहां वारदात से जुड़े अहम घटनाक्रम हुए थे।

रवि ने पुलिस को किसान पथ के पास वह जगह दिखाई, जहां शूटरों ने धीरेंद्र प्रताप सिंह को गोली मारी थी। इसके बाद उसे दुबग्गा क्षेत्र के अमेठिया गांव के पास नहर तक ले जाया गया, जहां धीरेंद्र का शव फेंका गया था।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान रवि से 100 से ज्यादा सवाल किए गए। शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और दूसरे साक्ष्यों का सामना कराने के बाद उसने कई अहम जानकारियां दीं।

पुलिस का दावा है कि रवि ने हत्या में इस्तेमाल असलहे को वारदात के बाद फेंके जाने वाले स्थान की जानकारी भी दी है। अब पुलिस उसे उस जगह ले जाकर असलहा बरामद करने का प्रयास करेगी।

रवि से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस और एसटीएफ की टीमें बहराइच, बाराबंकी, उन्नाव और रायबरेली समेत कई जिलों में दबिश दे रही हैं।

इस मामले में पुलिस रवि किशन, उसकी पत्नी पूजा, भाई जयकिशन और दोस्त ओंकार को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्या की साजिश में शामिल अन्य आरोपियों और शूटरों की गिरफ्तारी की जा सकती है।

Related posts