आगरा में एक 20 वर्षीय ट्रांसजेंडर महिला ने अपने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर करीब 10 लाख रुपये ऐंठने, अपनी वैवाहिक स्थिति छिपाने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, प्रेमी ने शादी का भरोसा देकर उसे जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी कराने के लिए भी तैयार किया। इसके बाद उसने करीब 3 लाख रुपये खर्च कर तीन सर्जरी कराईं और कई महीनों तक शारीरिक पीड़ा झेली।
पीड़िता का दावा है कि करीब डेढ़ साल पहले उसकी मुलाकात सिकंदरा क्षेत्र के त्रिवेंद्र से हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और त्रिवेंद्र ने परिवार के सामने भी शादी का भरोसा दिया। आरोप है कि इसी भरोसे पर उसने अलग-अलग मौकों पर करीब 10 लाख रुपये लिए। इनमें बुलेट बाइक के लिए 4 लाख रुपये और अन्य अवसरों पर दिए गए करीब 3 लाख रुपये शामिल हैं। कुछ रकम नकद और कुछ डिजिटल माध्यम से भेजे जाने की बात कही गई है।
पीड़िता के अनुसार, शादी के लिए जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी कराने की सलाह भी त्रिवेंद्र ने दी थी। जनवरी में कानपुर जाकर उसने हार्मोन थेरेपी और तीन चरणों में सर्जरी कराई। इनमें ब्रेस्ट इम्प्लांट, चेहरे की सर्जरी तथा ऑर्किएक्टॉमी और वैजाइनोप्लास्टी शामिल होने का दावा है।
सर्जरी के बाद जब उसने शादी की बात की तो प्रेमी के व्यवहार में बदलाव आया। उसके घर पहुंचने पर कथित तौर पर पता चला कि त्रिवेंद्र पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। पीड़िता ने परिवार पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
पीड़िता के मुताबिक, उसने कई महीनों तक पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। अब 2 सितंबर को सिकंदरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस होटल की तस्वीरों, लेन-देन और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर होगी।
