लखनऊ: इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 17 जून को भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले वनडे मुकाबले को लेकर उत्साह बढ़ गया है। दोनों टीमें सोमवार को लखनऊ पहुंच गईं और मंगलवार को अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगी। डे-नाइट मुकाबले में दोपहर 1 बजे टॉस होगा, जबकि मैच की शुरुआत 1:30 बजे से होगी।
भारतीय टीम के खिलाड़ी चार्टर्ड विमान से शाम करीब 4 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे। कप्तान शुभमन गिल, रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर और अर्शदीप सिंह सहित कई खिलाड़ी नजर आए। एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक मौजूद रहे, हालांकि सुरक्षा कारणों से टीम को सीधे होटल ले जाया गया।
इसके बाद अफगानिस्तान की टीम भी लखनऊ पहुंची। यूपीसीए के अनुसार अफगानिस्तान की टीम मंगलवार दोपहर 1 बजे से अभ्यास करेगी, जबकि भारतीय टीम शाम 4 बजे से 7 बजे तक मैदान पर पसीना बहाएगी।
इकाना स्टेडियम में अफगानिस्तान का अनुभव भारत से अधिक रहा है। अफगान टीम यहां चार वनडे खेल चुकी है, जिसमें उसे एक जीत मिली है। वहीं भारत ने इस मैदान पर दो वनडे खेले हैं और एक में जीत दर्ज की है। खास बात यह है कि 2023 वनडे विश्व कप में दोनों टीमों ने इसी मैदान पर जीत हासिल की थी। भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से हराया था, जबकि अफगानिस्तान ने नीदरलैंड को सात विकेट से मात दी थी।
अफगानिस्तान का इकाना से खास रिश्ता भी रहा है। वर्ष 2019 में बीसीसीआई ने इस मैदान को अफगान टीम के अभ्यास केंद्र के रूप में उपलब्ध कराया था। ऐसे में टीम के कई खिलाड़ी यहां की परिस्थितियों से अच्छी तरह परिचित हैं।
अब दोनों टीमें इकाना की पिच का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगी। जहां भारतीय टीम अपनी मजबूत बल्लेबाजी पर भरोसा करेगी, वहीं अफगानिस्तान की नजर अपनी स्पिन गेंदबाजी से मैच का रुख बदलने पर होगी।
