उत्तर प्रदेश : (Lucknow)लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लड़कों की मौत हो गई। यह घटना कानपुर रोड पर हनुमान मंदिर के पास हुई, जब एक अज्ञात बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वे अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पोल से जा टकराए।
मृतकों की पहचान सरोजनीनगर की हाइडिल कॉलोनी के रमेश के बेटे कमल (18) और बंथरा के लाला खेड़ा के वीरेंद्र के बेटे दीपांशु रावत (19) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक रविवार रात करीब 10 बजे बाइक से सरोजनी नगर की ओर जा रहे थे। उसी दौरान हादसा हो गया।
टक्कर मारते हीं हुआ फरार –
हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को राहगीरों की मदद से सरोजनी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बंथरा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। टक्कर मारने वाला अज्ञात बाइक सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
पहला हाईस्कूल का स्टूडेंट दुसरा करता था मजदूरी –
पुलिस के मुताबिक, कमल और दीपांशु रावत आपस में दोस्त हैं। रविवार रात दोनों लाला खेड़ा से एक ही बाइक से रात करीब 10 बजे सरोजनीनगर की ओर जा रहे थे। बंथरा स्थित हनुमान मंदिर के पास कानपुर रोड पर पीछे से आ रही किसी बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही दोस्तों की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई। इससे दोनों की मौत हो गई। दीपांशु मां-बाप का इकलौता बेटा था, जबकि कमल के परिवार में उसके माता-पिता के अलावा एक छोटा भाई और एक बहन है।
