NDA के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन बुधवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे

Lucknow: राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन- एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन बुधवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। श्री राधाकृष्णन ने आज शाम नई दिल्ली में एनडीए के संसदीय दल के नेताओं के साथ एक शिष्‍टाचार बैठक की। बैठक के बाद नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी देते हुए संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सभी एनडीए नेता नामांकन दाखिल करने के समय उपस्थित रहेंगे।

किरेन रिजिजू ने कहा कि एनडीए संसदीय दल की बैठक कल होगी। इसमें सभी नेताओं का श्री सीपी राधाकृष्णन से औपचारिक परिचय कराया जाएगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी राजनीतिक दल उपराष्ट्रपति पद के लिए श्री राधाकृष्णन का समर्थन करेंगे।

कल, नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक के दौरान, महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए का उम्मीदवार चुना गया। उपराष्ट्रपति चुनाव अगले महीने की 9 तारीख को होगा। उपराष्ट्रपति पद के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त 2025 है। नामांकनों की जाँच 22 अगस्त को होगी और इस महीने की 25 तारीख तक नामांकन वापस लिए जा सकते हैं।

पिछले महीने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के कारण यह चुनाव आवश्यक हो गया है। यह 17वाँ उपराष्ट्रपति चुनाव होगा। उपराष्ट्रपति का चुनाव एक निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है, जिसमें लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य होते हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया TRUTH WATCH INDIA के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts