नेपाल हिंसा: CM धामी ने दिए असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश

नई दिल्ली: पड़ोसी देश नेपाल में बने राजनीतिक हालातों को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं से जुड़ी सुरक्षा पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की एक बैठक बुलाई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बुलाई गई मीटिंग में सुरक्षा स्थिति की गहन समीक्षा की गई।

सीएम धामी ने अधिकारियों को नेपाल सीमा पर सघन जाँच अभियान चलाने और किसी भी असामाजिक या विघटनकारी तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नज़र रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अफवाहों, भ्रामक सूचनाओं या भड़काऊ सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थानीय ग्रामीणों, ग्राम समितियों, पुलिस बलों और वन विभाग के अधिकारियों की सामूहिक भागीदारी से निगरानी प्रणाली को मजबूत करने पर भी बल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमा पर सभी प्रवेश मार्गों की नियमित निगरानी की जानी चाहिए और सीमा पार आवाजाही पर विशेष सतर्कता बरती जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री धामी ने बैठक में भारत सरकार द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश भी दिए और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती के आदेश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया के एक्स प्लेटफॉर्म पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा- नेपाल के साथ हमारे सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंध गहरे हैं।

अपने सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा- हमारे सांस्कृतिक संबंध गहरे हैं इसलिए जनभावनाओं का ध्यान रखते हुए नेपाली नागरिकों से संयमित और सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने व सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही किसी भी अफवाह पर त्वरित कार्रवाई के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।

सीएम धामी ने लिखा- स्थानीय प्रशासन और खुफिया एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किए जाने, सीमा क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर गश्त बढ़ाए जाने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। बता दें कि नेपाल में युवाओं का सरकार विरोधी प्रदर्शन हिंसक हो गया है। वहां प्रधानमंत्री समेत कई मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है।

 

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया TRUTH WATCH INDIA के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts