प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक नया इतिहास रच दिया है। 10 जून को उन्होंने देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया। 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले मोदी ने आज अपने कार्यकाल के 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का 4,398 दिनों तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह लगातार तीसरा कार्यकाल है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से देशवासियों को संबोधित करते हुए जनसेवा, विनम्रता और सुशासन को लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत बताया।
अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने लिखा कि जनसेवा ही सुशासन की सबसे महत्वपूर्ण कसौटी है। उन्होंने कहा कि विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निरंतर कार्य करने वाला व्यक्ति ही जनता का विश्वास जीत सकता है। इस अवसर पर उन्होंने संस्कृत का एक श्लोक भी साझा किया—
“सदानुरक्तप्रकृतिः प्रजापालनतत्परः।
विनीतात्मा हि नृपतिर्भूयसी श्रियमश्नुते॥”
कैसे टूटा रिकॉर्ड
देश की आजादी के बाद 15 अगस्त 1947 को जवाहरलाल नेहरू को प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया था। वह 15 अगस्त 1947 से 13 मई 1952 तक कुल 1,732 दिनों तक इस पद पर रहे। इसके बाद 1952 में हुए देश के पहले आम चुनाव में कांग्रेस को बहुमत मिला और संसदीय दल ने उन्हें अपना नेता चुना। इसके बाद 13 मई 1952 से 27 मई 1964 तक वे लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहे। इसी अवधि के आधार पर उनके नाम सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड दर्ज था।
अब 4,399 दिनों का कार्यकाल पूरा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है और लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
तीन चुनाव, तीन बार जनता का जनादेश
साल 2014 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलने के बाद नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार भारत के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें पहले से भी बड़ा जनादेश मिला और 30 मई 2019 से उनका दूसरा कार्यकाल शुरू हुआ।
वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। उनका तीसरा कार्यकाल 9 जून 2024 से शुरू हुआ और अब उन्होंने देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का नया इतिहास रच दिया है।
