PM मोदी ने जन्मदिन पर ‘सेमीकॉन इंडिया 2026’ का किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जन्मदिन के मौके पर नई दिल्ली के यशोभूमि में SEMICON India 2026 का उद्घाटन किया।17 से 19 सितंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय आयोजन में दुनिया भर की सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियां हिस्सा ले रही हैं।भारत में चिप मैन्युफैक्चरिंग से लेकर डिजाइन और इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम तक एक मजबूत इकोसिस्टम तैयार करने पर इस आयोजन का खास फोकस है।नई दिल्ली के यशोभूमि में SEMICON India 2026 की शुरुआत हो गई है। इस साल आयोजन की थीम है,

“सिलिकॉन से सिस्टम तक: इकोसिस्टम का निर्माण।”

इस कार्यक्रम में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स वैल्यू चेन से जुड़ी भारतीय और वैश्विक कंपनियों के साथ नीति-निर्माता, निवेशक, रिसर्चर, स्टार्टअप, शिक्षाविद और छात्र हिस्सा ले रहे हैं।52 देशों की कंपनियां और प्रतिनिधि इस आयोजन में शामिल हो रहे हैं। वहीं 600 से ज्यादा कंपनियां प्रदर्शनी में हिस्सा ले रही हैं, जिनमें करीब 300 अंतरराष्ट्रीय कंपनियां हैं।करीब 15 हजार वर्ग मीटर में लगाई गई इस प्रदर्शनी में सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री की तकनीक, मैन्युफैक्चरिंग, डिजाइन और सप्लाई चेन से जुड़ी क्षमताओं को प्रदर्शित किया जा रहा है।

स्मार्टफोन से AI और डिफेंस तक चिप की अहमियत

सेमीकंडक्टर आज स्मार्टफोन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और डिफेंस जैसी कई महत्वपूर्ण तकनीकों का आधार हैं।ऐसे में भारत का जोर सिर्फ चिप बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग, पैकेजिंग और पूरे सप्लाई चेन इकोसिस्टम को मजबूत करने पर है।सरकार की सेमीकंडक्टर पहल के तहत देश में इस क्षेत्र में निवेश और उत्पादन क्षमता बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।

6 देशों के पवेलियन, 12 राज्यों की भागीदारी

SEMICON India 2026 में जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, नीदरलैंड, सिंगापुर और स्वीडन के छह कंट्री पवेलियन हैं।इसके अलावा 12 राज्यों के पवेलियन भी लगाए गए हैं।कार्यक्रम में स्टार्टअप्स के लिए अलग पवेलियन, इनोवेशन शोकेस, स्टूडेंट हैकाथॉन और वर्कफोर्स डेवलपमेंट से जुड़े कार्यक्रम भी रखे गए हैं।

स्टार्टअप और युवाओं पर भी फोकस

SEMICON India 2026 में करीब 40 स्टार्टअप्स अपने प्रोडक्ट और टेक्नोलॉजी का प्रदर्शन कर रहे हैं।वहीं छात्र हैकाथॉन और स्टार्टअप पिच प्रतियोगिता के जरिए युवाओं और नए इनोवेटर्स को अपने आइडिया पेश करने का मौका दिया जा रहा है।कुल मिलाकर SEMICON India 2026 भारत के सेमीकंडक्टर सेक्टर के लिए एक बड़ा मंच है, जहां टेक्नोलॉजी, निवेश, मैन्युफैक्चरिंग और टैलेंट—चारों पहलुओं पर फोकस किया जा रहा है।अब देखना होगा कि इस आयोजन से भारत के चिप मैन्युफैक्चरिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स इकोसिस्टम को आगे कितनी नई साझेदारियां और निवेश मिलते हैं।

Related posts