देश : बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात में हुए विधानसभा उपचुनावों के नतीजे सामने आ चुके हैं और इन चुनावों ने कई बड़े राजनीतिक संदेश दिए हैं। सबसे ज्यादा चर्चा बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट की रही, जहां जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शानदार जीत दर्ज करते हुए भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 19,324 वोटों के बड़े अंतर से हरा दिया। प्रशांत किशोर को कुल 64,151 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 44,827 वोटों से संतोष करना पड़ा। यह सीट भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक नितिन नवीन की पारंपरिक सीट मानी जाती रही है। नितिन नवीन यहां से लगातार पांच बार विधायक चुने गए थे, लेकिन उनके राज्यसभा जाने के बाद यह सीट खाली हुई और उपचुनाव कराया गया। ऐसे में इस जीत को बिहार की राजनीति में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
वहीं मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने जीत हासिल कर भाजपा को झटका दिया। दूसरी ओर गुजरात में भाजपा ने अपनी सीट बचाते हुए जीत दर्ज की और राज्य में अपनी पकड़ बरकरार रखी। तीन राज्यों के नतीजों ने साफ कर दिया है कि अलग-अलग राज्यों में मतदाताओं का रुझान अलग-अलग रहा और स्थानीय मुद्दों का असर चुनाव परिणामों पर साफ दिखाई दिया।
इस बीच मतगणना के दौरान चुनाव आयोग की वेबसाइट भी चर्चा में रही। सुबह से वेबसाइट पर 31 राउंड की काउंटिंग दिखाई जा रही थी, लेकिन बाद में अचानक 32 और फिर 36 राउंड का आंकड़ा नजर आने लगा। कुछ समय बाद वेबसाइट पर दोबारा 32 राउंड की काउंटिंग दिखने लगी, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि बाद में परिणाम स्पष्ट होने के बाद स्थिति सामान्य हुई। अब इन उपचुनावों के नतीजों को आगामी विधानसभा चुनावों के लिए राजनीतिक दलों के प्रदर्शन और रणनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
