मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान अपनी आगामी फिल्म SVC 63 को लेकर चर्चा में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान ने इस फिल्म के लिए अपनी फीस में बड़ी कटौती करते हुए करीब 70 करोड़ रुपये लेने पर सहमति जताई है। बताया जा रहा है कि वह सामान्य तौर पर एक फिल्म के लिए 120 करोड़ रुपये या उससे अधिक फीस लेते हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फैसले के पीछे सलमान खान और निर्माता पक्ष के बीच लंबे समय से चली आ रही दोस्ती अहम वजह मानी जा रही है। बताया गया है कि सलमान के करीबी दोस्त रफी काजी इस प्रोजेक्ट में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं और उनका नाम फिल्म के निर्माताओं में भी शामिल है। इसी रिश्ते को देखते हुए अभिनेता ने अपनी अपफ्रंट फीस कम करने का फैसला लिया।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि इस समझौते के तहत सलमान खान को फिल्म के मुनाफे, ओटीटी या सैटेलाइट अधिकारों में हिस्सेदारी मिलेगी या नहीं। पिछले कई वर्षों से सलमान की फिल्मों में मुनाफा साझेदारी का मॉडल अपनाए जाने की खबरें सामने आती रही हैं।
फिलहाल सलमान खान निर्देशक वामशी पेडिपल्ली की एक्शन फिल्म SVC 63 की शूटिंग में व्यस्त हैं। फिल्म का निर्माण दिल राजू की श्री वेंकटेश्वर क्रिएशंस कर रही है। इस फिल्म में अभिनेत्री नयनतारा पहली बार सलमान खान के साथ स्क्रीन साझा करती नजर आएंगी। फिल्म को ईद 2027 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वर्ष 2010 में आई दबंग के बाद सलमान खान ने अपनी कई फिल्मों में निर्माता या लाभ साझेदार के रूप में भी भागीदारी निभाई है। यही वजह है कि वह कई बार कम अपफ्रंट फीस लेकर फिल्म की कुल कमाई में हिस्सेदारी को प्राथमिकता देते रहे हैं। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
