अगस्त से महंगे होंगे स्मार्टफोन, सैमसंग, ओप्पो, रियलमी समेत कई कंपनियां बढ़ाएंगी कीमतें

नई दिल्ली। स्मार्टफोन खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए अगस्त का महीना महंगा साबित हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सैमसंग, ओप्पो, रियलमी, शाओमी, रेडमी और नथिंग जैसी प्रमुख कंपनियां अपने स्मार्टफोन्स की कीमतों में 1,000 रुपये से 3,000 रुपये तक की बढ़ोतरी करने की तैयारी में हैं। हालांकि, कंपनियों की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

बताया जा रहा है कि वैश्विक स्तर पर रैम (RAM) और नैंड (NAND) मेमोरी चिप्स की कीमतों में तेज बढ़ोतरी के कारण स्मार्टफोन बनाने की लागत बढ़ गई है। AI डेटा सेंटर्स की बढ़ती मांग के चलते मेमोरी कंपोनेंट्स की सप्लाई प्रभावित हुई है, जिसका असर अब उपभोक्ताओं पर पड़ने वाला है।

रिपोर्ट के अनुसार, सैमसंग अपनी लोकप्रिय A और F सीरीज के बजट और मिड-रेंज स्मार्टफोन्स के दाम बढ़ा सकता है। वहीं, ओप्पो अपनी A सीरीज, रियलमी C83 और P सीरीज, जबकि शाओमी अपने रेडमी ब्रांड के चुनिंदा मॉडलों की कीमतों में इजाफा कर सकती है। नथिंग के फोन 4a की कीमतों में भी 1 अगस्त से बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।

सिर्फ स्मार्टफोन ही नहीं, शाओमी अपने कुछ QLED स्मार्ट टीवी मॉडल्स की कीमतों में भी 500 से 2,000 रुपये तक की वृद्धि कर सकती है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मेमोरी चिप्स की वैश्विक कमी और लागत में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहा, तो आने वाले महीनों में अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की कीमतों में भी इजाफा देखने को मिल सकता है। ऐसे में जो ग्राहक नया स्मार्टफोन खरीदने की योजना बना रहे हैं, उनके लिए कीमत बढ़ने से पहले खरीदारी करना फायदेमंद हो सकता है।

Related posts