लखनऊ: सीतापुर जिले की 19 वर्षीय छात्रा का कंकाल लखनऊ के बीकेटी थाना क्षेत्र स्थित आउटर रिंग रोड के पास महिपतपुर के जंगल में बरामद हुआ है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवती के प्रेमी ने उसे लखनऊ लाकर हत्या कर दी और शव जंगल में फेंक दिया।जानकारी के अनुसार, सीतापुर के संदना निवासी महेश की बेटी मानसी (19) 25 मई को कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे, जहां प्रारंभिक स्तर पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया।
पीड़ित पिता का कहना है कि 28 मई को गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया, जबकि वे शुरू से ही एक युवक के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराने की मांग कर रहे थे। पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट होकर उन्होंने 1 जून से ग्रामीणों के साथ धरना शुरू कर दिया।परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार को पुलिस ने जल्द बेटी को तलाशने का आश्वासन देकर धरना समाप्त करने की बात कही। इसके अगले दिन शनिवार (6 जून) को सीतापुर पुलिस पिता को लेकर लखनऊ पहुंची, जहां बीकेटी क्षेत्र के महिपतपुर जंगल में मिले कंकाल की पहचान कपड़ों और चप्पलों के आधार पर मानसी के रूप में की गई।महेश का आरोप है कि शव को जंगली जानवरों ने बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया था, जिससे पहचान केवल कपड़ों और चप्पलों के जरिए ही संभव हो सकी। पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस युवक के खिलाफ परिजन संदेह जता रहे हैं, उससे पूछताछ की जा चुकी है। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
