पेड्डी’ में जाह्नवी कपूर के किरदार पर विवाद, डायरेक्टर बुची बाबू सना ने मांगी माफी

न्यू दिल्ली : स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म ‘पेड्डी’ को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद देखने को मिल रहा है। फिल्म में अभिनेत्री जाह्नवी कपूर के किरदार ‘अचियम्मा’ के प्रस्तुतीकरण को लेकर दर्शकों के एक वर्ग ने आपत्ति जताई है। आलोचकों का कहना है कि किरदार को कहानी की जरूरत से ज्यादा बोल्ड तरीके से दिखाया गया, जिससे महिलाओं की छवि को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। बढ़ते विरोध और ऑनलाइन आलोचना के बीच फिल्म के निर्देशक बुची बाबू सना ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए विवादित दृश्यों में बदलाव करने का फैसला किया है।

अपने आधिकारिक बयान में बुची बाबू सना ने कहा कि सिनेमा का उद्देश्य लोगों का मनोरंजन करना, उन्हें प्रेरित करना और उनसे जुड़ना होता है। उनका कहना है कि किसी भी दर्शक को असहज महसूस कराना या किसी का अपमान करना कभी भी उनकी मंशा नहीं रही। उन्होंने स्वीकार किया कि फिल्म के कुछ दृश्यों पर आई प्रतिक्रियाओं को गंभीरता से लिया गया है और दर्शकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए जरूरी बदलाव किए जाएंगे।

निर्देशक ने आगे कहा कि वह हमेशा महिलाओं के सम्मान में विश्वास रखते हैं और उनका इरादा कभी किसी महिला किरदार को गलत तरीके से प्रस्तुत करने का नहीं रहा। हालांकि यदि फिल्म का कोई हिस्सा दर्शकों को ऐसा महसूस कराता है, तो वह इसके लिए दिल से माफी मांगते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हर महिला सम्मान, गरिमा और सही प्रतिनिधित्व की हकदार है और भविष्य में भी उनकी टीम ऐसी कहानियां प्रस्तुत करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी जो मजबूत और सकारात्मक महिला किरदारों को सामने लाएं।

विवाद के बावजूद ‘पेड्डी’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने रिलीज के दूसरे दिन भारत में 26.90 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया, जबकि दुनियाभर में इसकी कुल कमाई 150.49 करोड़ रुपए तक पहुंच चुकी है। फिल्म में राम चरण, जाह्नवी कपूर, शिव राजकुमार, दिव्येंदु और जगपति बाबू मुख्य भूमिकाओं में नजर आए

Related posts