केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा, पीएम स्वनिधि योजना ने छोटे उद्यमियों के कारोबार के मूल आधार को बदला

दिल्ली – केन्‍द्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि प्रधानमंत्री रेहड़ी पटरी दुकानदार आत्‍मनिर्भर निधि-पीएम स्‍वनिधि योजना ने पूरे देश में छोटे उद्धयमियों के कारोबार के मूल आधार को बदल दिया है। उन्‍होंने कहा कि ऐतिहासिक रूप से रेहड़ी पटरी वाले दुकानदार स्‍थानीय साहुकारों पर निर्भर रहते थे जो उनसे अत्‍याधिक ब्‍याज वसूलते थे। पीएम स्‍वनिधि योजना ने सफलतापूर्वक इस ऋण चक्र से उन्‍हें मुक्ति प्रदान की है। यह योजना इन दुकानदारों को औपचारिक बैंकिंग व्‍यवस्‍था के माध्‍यम में आसानी से और संस्‍थागत ऋण उपलब्‍ध कराती है।

केन्‍द्रीय मंत्री आज अगरतला में रेहड़ी पटरी दुकानदारों को पीएम स्‍वनिधि के ऋण चैक और क्‍यूआर कोड युक्‍त क्रेडिट कार्ड वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर त्रिपुरा के मुख्‍यमंत्री डॉ. माणिक साहा और अन्‍य गण्‍यमान्‍य व्‍यक्ति भी मौजूद रहे।

केन्‍द्रीय मंत्री ने कहा कि नववितरित क्‍यूआर क्रेडिट कार्ड को अत्‍याधुनिक तकनीक से जोड़ा गया है जिससे ये दुकनदार दिन प्रतिदिन का लेन-देन कर सकते हैं और इस पर कोई ब्‍याज नहीं लगेगा। इससे देश में वित्तीय समावेशन में तेजी आयेगी। इस क्रेडिट कार्ड प्रणाली के अंतर्गत दुकानदार सुबह अपने दायरे में धन निकाल सकते हैं और शाम को जमा करा सकते हैं। इस प्रक्रिया में दो माह तक कोई ब्‍याज नहीं देना होगा।

केन्‍द्रीय मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि केन्‍द्र सरकार ने इस कल्‍याणकारी योजना को दिसम्‍बर 2030 तक बढ़ा दिया है।

 

Related posts