लखनऊ: UPSSSC की ग्रेजुएट लेवल परीक्षा के दौरान नकल की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एसटीएफ ने एक अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए नकल करने की तैयारी करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी ने डिवाइस को छिपाने के लिए विशेष जेब वाली बनियान बनवाई थी और उसे अंडरवियर में छिपाकर परीक्षा केंद्र पहुंचा था।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि रविवार को होने वाली परीक्षा में साल्वर गैंग सक्रिय है और कुछ अभ्यर्थियों को इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए नकल कराने की तैयारी है। इसी सूचना के आधार पर एसआई तेज बहादुर सिंह के नेतृत्व में टीम ने लखनऊ के महानगर स्थित दयानंद कन्या इंटर कॉलेज, सेक्टर-सी में छापा मारा।
परीक्षा केंद्र से जौनपुर के खुझीडीह निवासी बृजेश कुमार यादव को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से ब्लूटूथ डिवाइस बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि प्रयागराज निवासी रमेश चंद्र पटेल ने उसे यह डिवाइस उपलब्ध कराई थी। परीक्षा के दौरान इसी डिवाइस के जरिए बाहर बैठे व्यक्ति से प्रश्नों के उत्तर हासिल करने की योजना थी।
आरोपी के मुताबिक, डिवाइस को शरीर में छिपाने के लिए विशेष पॉकेट वाली बनियान भी उपलब्ध कराई गई थी। उसने नकल कराने के लिए रमेश चंद्र पटेल को 10 लाख रुपये एडवांस दिए थे। बृजेश ने यह भी दावा किया कि रमेश पहले भी अभ्यर्थियों से पैसे लेकर परीक्षाओं में नकल कराने का काम कर चुका है।
एसटीएफ अब रमेश चंद्र पटेल की तलाश और पूरे साल्वर गैंग के नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में कितने अभ्यर्थी और अन्य लोग शामिल हैं तथा क्या इससे पहले भी किसी परीक्षा में इसी तरीके का इस्तेमाल किया गया था।
