‘मिर्जापुर: द मूवी’ का टीजर आज होगा रिलीज, मुन्ना भैया-कालीन भैया के पोस्टर्स ने बढ़ाया फैंस का उत्साह

मुंबई: भारत की सबसे चर्चित क्राइम-एक्शन फ्रेंचाइजी ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर धमाका करने के लिए तैयार है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का बहुप्रतीक्षित टीजर आज 25 जून को दोपहर 12 बजे रिलीज किया जाएगा। टीजर से पहले मेकर्स ने फिल्म के प्रमुख किरदारों मुन्ना भैया, गुड्डू भैया और कालीन भैया के फर्स्ट लुक पोस्टर्स जारी कर दिए हैं, जिन्होंने सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा छेड़ दी है।

फिल्म के पोस्टर्स में मिर्जापुर की सत्ता, बदला, विरासत और खूनी संघर्ष की झलक दिखाई गई है। सबसे पहले पंकज त्रिपाठी के कालीन भैया का पोस्टर सामने आया, जिस पर लिखा है, “जो आया है, वो जाएगा भी, बस मर्जी कालीन भैया की होगी।” वहीं अली फजल के गुड्डू भैया वाले पोस्टर में लिखा गया, “शुरू मजबूरी में किए थे, अब मजा आ रहा है।” इसके अलावा दिव्येंदु शर्मा के मुन्ना भैया के पोस्टर ने फैंस को सबसे ज्यादा उत्साहित किया। पोस्टर पर लिखा था, “हिंदी फिलम के हीरो हैं हम, कहा था ना, हम अमर हैं।”

मेकर्स ने ‘गद्दी’ का एक खास पोस्टर भी जारी किया है, जिस पर लिखा है, “गद्दी है तो हम हैं।” इस एक लाइन ने साफ कर दिया है कि फिल्म में सत्ता की जंग पहले से कहीं ज्यादा खतरनाक और रोमांचक होने वाली है।

‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में हिंदी और तेलुगु भाषा में रिलीज होगी। फिल्म को अमेजन MGM स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया है, जबकि निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा, रवि किशन, श्वेता त्रिपाठी, अभिषेक बनर्जी और रसिका दुग्गल समेत कई लोकप्रिय कलाकार नजर आएंगे।

अब सभी की निगाहें आज रिलीज होने वाले टीजर पर टिकी हैं, जो मिर्जापुर की नई जंग की पहली झलक दिखाएगा।

Related posts