19 साल के निसर्ग अधिकारी को IIT कानपुर में मिली नौकरी, CBSE पोर्टल की खामी बताकर बनाई पहचान

न्यू दिल्ली : सिर्फ 19 साल की उम्र में एक युवा ने अपनी काबिलियत से ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिसकी चर्चा अब हर तरफ हो रही है। 12वीं पास करने वाले निसर्ग अधिकारी को IIT कानपुर ने अपनी साइबर सिक्योरिटी टीम में नौकरी दी है। निसर्ग ने CBSE के OSM पोर्टल में सुरक्षा से जुड़ी कमियों को खोजकर एक ब्लॉग के जरिए दुनिया के सामने रखा था।

निसर्ग की इस खोज के बाद IIT कानपुर की साइबर सिक्योरिटी टीम ने उनसे संपर्क किया। टीम ने उनकी तकनीकी समझ और साइबर सिक्योरिटी स्किल्स को करीब से देखा और प्रभावित होकर उन्हें C3i हब में OSINT यानी ओपन सोर्स इंटेलिजेंस और थ्रेट इंटेलिजेंस इंजीनियर के पद पर नियुक्त कर लिया।

IIT कानपुर में निसर्ग का काम इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारियों का विश्लेषण करना, वेबसाइट और एप्लिकेशन में सुरक्षा से जुड़ी कमजोरियों को पहचानना और साइबर खतरों से निपटने में मदद करना होगा। संस्थान के डायरेक्टर मनिंद्र अग्रवाल ने भी निसर्ग की नियुक्ति की पुष्टि करते हुए कहा कि वह संस्थान के सबसे कम उम्र के इंजीनियरों में से एक हैं।

निसर्ग ने 12वीं की पढ़ाई पूरी करने से पहले ही कई स्टार्टअप्स के साथ काम किया है। उन्होंने ओपन सोर्स प्रोजेक्ट्स में योगदान दिया और टेक्नोलॉजी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई। उनका कहना है कि उन्हें पढ़ाई से ज्यादा तकनीक और नए प्रोडक्ट बनाने में रुचि है।

निसर्ग के अलावा इस साल दो और युवा भी चर्चा में आए हैं। रांची के सार्थक सिद्धांत ने CBSE के दस्तावेजों का अध्ययन कर टेंडर से जुड़ी जानकारी सामने रखी, जबकि दिल्ली के वेदांत श्रीवास्तव ने फिजिक्स के नंबरों को लेकर आवाज उठाई और बाद में बोर्ड ने गलती स्वीकार की।

ये युवा दिखा रहे हैं कि उम्र नहीं बल्कि हुनर और सोच इंसान को आगे बढ़ाती है।

Related posts