उत्तर प्रदेश : (Kanpur)हरबंश मोहाल थानाक्षेत्र में आइसक्रीम का ठेला खड़ा कर लौट रहे साइकिल सवार युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने बुधवार देर रात रौंद दिया। हादसे के बाद राहगीरों ने ट्रक का पीछा किया, जिस पर चालक कूद कर फरार हो गया। मौके पर परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर पुलिस ने घर भेज दिया। गुरुवार सुबह थाने पहुंचे परिजनों ने पुलिस पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। पोस्टमाार्टम हाउस पहुंची मृतक की पत्नी चीख-चीख कर बोली कि थानेवाले बिक गए, रात में पुलिसवाले पैर छूकर बोल रहे थे कि सुबह सुनवाई होगी, सुबह थाने पहुंचे तो ट्रक का मालिक थानेदार के साथ बैठा हुआ था। पुलिस ट्रक मालिक से मिल गई, अटैची भरकर नोट दिए गए, हमने अपनी आंखों से देखा है… महिला ने बिलखते हुए पल्लू फैला कर कहा कि मुझे इंसाफ दिला दो, 24 नवंबर को बेटी की शादी है… पूरा परिवार उजड़ गया।
बुधवार को रात में हुआ हादसा –
उन्नाव, प्रेम नगर पोनी रोड निवासी राजू सिंह (47) घंटाघर स्थित आइसक्रीम फैक्ट्री में काम करते थे। परिवार में पत्नी कुंती, बेटा हिमांशु व तीन बेटियां कामिनी, रितिका और अन्नू है। हिमांशु ने बताया कि रोजाना कि तरह मंगलवार दोपहर 2 बजे घर से निकले थे। रात करीब 2:30 बजे पिता आइसक्रीम का ठेला फैक्ट्री में खड़ा करने के बाद साइकिल से घर के लिए निकले थे।
आरोप निराधार – थाना प्रभारी बोले –
थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि मृतक के बेटे की तहरीर पर फतेहपुर, ग्राम मऊ निवासी ट्रक ड्राइवर हीरालाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। ट्रक पुलिस के कब्जे में है। पीड़िता के आरोप निराधार है। हालांकि पुलिस की जांच चल रहे हैं।
