अयोध्या का हिस्ट्रीशीटर लखनऊ में गिरफ्तार, पुलिस पीछा करती रही और नाले में पलटी स्कॉर्पियो

लखनऊ: अयोध्या में हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे हिस्ट्रीशीटर रोहन सिंह को आखिरकार पुलिस ने लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से पहले आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की, लेकिन उसका यह प्रयास नाकाम साबित हुआ। पुलिस के पीछा करने के दौरान उसकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में पलट गई, जिसके बाद वह वाहन से निकलकर भागने लगा। हालांकि पुलिस टीम ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार रोहन सिंह के खिलाफ कुमारगंज थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास और हमले का गंभीर मामला दर्ज है। आरोप है कि 21 मई को उसने अपने साथियों के साथ पूरे विंध्या पांडेय गांव निवासी शीतला प्रकाश पांडेय पर जानलेवा हमला किया था। इस घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शिकायत भी की थी।

मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब कुछ दिनों बाद पीड़ित के बेटे शिवम पांडेय पर भी हमला किया गया। शिवम की मां नीलम पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने रोहन सिंह, हिमांशु और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।

शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि रोहन सिंह लखनऊ में मौजूद है। इसके बाद अयोध्या पुलिस ने बीकेटी, महिंगवा और सैरपुर थाना पुलिस के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाया। घेराबंदी के दौरान आरोपी स्कॉर्पियो लेकर भागने लगा, लेकिन महिंगवा क्षेत्र में वाहन पलट गया। इसके बावजूद वह मौके से भागने की कोशिश करता रहा, मगर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।

Related posts