RCB ने रचा इतिहास! लगातार दूसरी बार जीता IPL 2026 का खिताब, विराट कोहली बने जीत के हीरो

दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इतिहास रचते हुए लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर एक और शानदार खिताबी जीत दर्ज की। जीत के सबसे बड़े हीरो रहे विराट कोहली, जिन्होंने नाबाद 75 रन की मैच विनिंग पारी खेली और टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।

मैच में आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए। कप्तान शुभमन गिल, साई सुदर्शन और निशांत सिंधु बड़ी पारी नहीं खेल सके। हालांकि वॉशिंगटन सुंदर ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों पर नाबाद 50 रन बनाए और गुजरात को 20 ओवर में 155 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। आरसीबी की ओर से रसिख सलाम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने 2-2 विकेट हासिल किए।

156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी की। बीच के ओवरों में कुछ विकेट जरूर गिरे, लेकिन विराट कोहली ने एक छोर संभाले रखा। टिम डेविड और जितेश शर्मा ने उनका अच्छा साथ दिया। आखिरकार 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर विराट कोहली ने शानदार छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। कोहली 42 गेंदों में 75 रन बनाकर नाबाद लौटे और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

इस जीत के साथ आरसीबी लगातार दो आईपीएल खिताब जीतने वाली तीसरी टीम बन गई है। वहीं पूरे सीजन में शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव सूर्यवंशी ने 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की। आरसीबी की इस ऐतिहासिक जीत का जश्न अब पूरे देश में मनाया जा रहा है।

Related posts