कुरुक्षेत्र: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर आयोजित योग सम्मेलन में सहभागिता करते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो न केवल शरीर को स्वस्थ रखती है बल्कि मन और जीवन में संतुलन स्थापित करने का भी माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग आज पूरी दुनिया में भारत की पहचान बन चुका है और करोड़ों लोग इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना रहे हैं। उन्होंने लोगों से नियमित योग अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
नायब सिंह सैनी ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह और व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पंचकूला में आयोजित होगा, जहां बड़ी संख्या में नागरिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लेंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय में नवनिर्मित सभागार का लोकार्पण भी किया। साथ ही महिला छात्रावास के निर्माण कार्य का शिलान्यास कर छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है।
योग सम्मेलन में बड़ी संख्या में योग साधकों, विद्यार्थियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
