FSSAI Recruitment 2026: एफएसएसएआई में ग्रुप A, B और C के पदों पर भर्ती, सैलरी 2.08 लाख रुपये तक

भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण यानी एफएसएसएआई ने सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए शानदार अवसर पेश किया है। एफएसएसएआई ने ग्रुप ए, ग्रुप बी और ग्रुप सी के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 15 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 26 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

जारी अधिसूचना के अनुसार भर्ती जॉइंट डायरेक्टर, मैनेजर (इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) और जूनियर असिस्टेंट ग्रेड-2 के पदों पर की जाएगी। इनमें जॉइंट डायरेक्टर के 3 पद, मैनेजर आईटी के 2 पद और जूनियर असिस्टेंट ग्रेड-2 के 10 पद शामिल हैं। आवेदन प्रक्रिया 6 जून 2026 से शुरू हो चुकी है और पात्रता निर्धारित करने की अंतिम तिथि भी 26 जून 2026 ही रखी गई है।

जॉइंट डायरेक्टर पद के लिए केंद्र या राज्य सरकार, सरकारी विश्वविद्यालयों, अनुसंधान संस्थानों, सार्वजनिक उपक्रमों और स्वायत्त निकायों में कार्यरत अधिकारी आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार के पास स्नातक डिग्री के साथ संबंधित विषयों में अतिरिक्त योग्यता होना जरूरी है। वहीं मैनेजर आईटी पद के लिए बीटेक, एमटेक, एमसीए या संबंधित क्षेत्र में डिग्री मांगी गई है। जूनियर असिस्टेंट ग्रेड-2 पद के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना आवश्यक है।

एफएसएसएआई की यह भर्ती प्रतिनियुक्ति और अल्पकालिक अनुबंध के आधार पर की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों का कार्यकाल पद के अनुसार एक से तीन वर्ष तक हो सकता है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर आगे बढ़ाया भी जा सकता है। आवेदन की अंतिम तिथि तक उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 56 वर्ष निर्धारित की गई है।

उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक अधिसूचना को ध्यानपूर्वक पढ़ लें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। आवेदन एफएसएसएआई की आधिकारिक वेबसाइट के जॉब्स एट एफएसएसएआई सेक्शन के माध्यम से किए जा सकते हैं।

Related posts