मुंबई : टीवी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले ने सोमवार को आत्महत्या कर ली। 22 साल की संचिता का शव महाराष्ट्र के पालघर स्थित उनके घर में सीलिंग फैन से लटका हुआ मिला। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम घटनास्थल पर पहुंची थी। शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली है और मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ। घटना के वक्त संचिता घर पर अकेली थीं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
संचिता उगले टीवी दर्शकों के बीच अपनी पहचान बना चुकी थीं। उन्होंने लोकप्रिय सीरियल ‘कुमकुम भाग्य’ और ‘वागले की दुनिया’ जैसे शोज में काम किया था। ‘वागले की दुनिया’ में उन्होंने रूचिता जेटली का किरदार निभाया था। इसके अलावा वे दंगल टीवी के शो ‘साजन घर में’ भी नजर आई थीं।
संचिता के निधन से कुछ घंटे पहले ही उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से एक रील पोस्ट की गई थी, जिसमें वे ‘डफली वाले, डफली बजा’ गाने पर लिपसिंक करती नजर आई थीं। इस वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा था, ‘मैं नाचूं, तू नचा।’ उनकी आखिरी पोस्ट देखकर फैंस भावुक हो गए और कमेंट सेक्शन में उन्हें श्रद्धांजलि देने लगे।
सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाली संचिता के इंस्टाग्राम पर करीब 1 लाख 39 हजार फॉलोअर्स थे। उन्होंने टीवी शोज के साथ फिल्मों में भी काम किया था। वे फिल्म ‘छावा’ में ताराबाई के किरदार में नजर आई थीं। उनके अचानक निधन से टीवी और फिल्म जगत में शोक की लहर है।
