हेलिकॉप्टर क्रैश में सिंगर ओलिवर ट्री की मौत, ब्राजील में दो हेलिकॉप्टर टकराए, यूट्यूबर गैस्पी समेत 6 लोगों की गई जान

मनोरंजन: ब्राजील से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां हेलिकॉप्टर हादसे में मशहूर अमेरिकी सिंगर और सॉन्गराइटर ओलिवर ट्री की मौत हो गई। 32 साल के ओलिवर ट्री उन छह लोगों में शामिल थे, जिनकी रविवार को रियो डी जेनेरियो में हुए एक भयानक हादसे में जान चली गई। बताया जा रहा है कि दो हेलिकॉप्टर हवा में आपस में टकरा गए, जिसके बाद दोनों एयरक्राफ्ट क्रैश हो गए और मौके पर आग लग गई।

इस हादसे में ओलिवर ट्री के अलावा अर्जेंटीना के फेमस यूट्यूबर गैस्पर प्रिम, जिन्हें गैस्पी के नाम से जाना जाता था, की भी मौत हो गई। गैस्पी की उम्र सिर्फ 23 साल थी। वह अपने स्ट्रीट इंटरव्यू और कॉमेडी कंटेंट के लिए सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थे। यूट्यूब पर उनके 25 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर थे।

हादसे में लुकास विग्नेल, लुकास ब्रिटो चावेस और दोनों हेलिकॉप्टर पायलट एलेक्जेंड्रे सूजा और चार्ल्स मार्सिलैक की भी जान गई है। अधिकारियों के मुताबिक किसी भी व्यक्ति के बचने की खबर नहीं है। रियो डी जेनेरियो स्टेट सिविल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीमों ने मौके से सबूत जुटाए हैं और एविएशन एक्सीडेंट जांच एजेंसी की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

ओलिवर ट्री अपने अलग अंदाज के म्यूजिक के लिए पूरी दुनिया में जाने जाते थे। उन्होंने अल्टरनेटिव, पॉप और इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक को मिलाकर अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनके गाने ‘लाइफ गोज ऑन’ और ‘मिस यू’ काफी हिट रहे थे। उन्होंने साल 2010 में अपने करियर की शुरुआत की थी और 2017 में उनका गाना ‘व्हेन आई एम डाउन’ वायरल होने के बाद उन्हें बड़ी पहचान मिली।

हादसे के वक्त ओलिवर ट्री इंटरनेशनल टूर पर थे। उन्होंने कुछ दिन पहले साओ पाउलो में परफॉर्म किया था और आने वाले समय में कई देशों में उनके शो होने वाले थे। उनकी अचानक मौत से म्यूजिक इंडस्ट्री और उनके फैंस के बीच शोक की लहर है।

Related posts