हरियाणा में 879 कारीगरों को मिली 3552 आधुनिक मशीनें, CM नायब सैनी ने जारी की ₹504.68 करोड़ की सब्सिडी

हरियाणा: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भिवानी जिले के सिवानी में आयोजित “खादी रोजगार उत्सव” में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशभर से आए कारीगरों का स्वागत करते हुए कहा कि खादी केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत और रोजगार का मजबूत माध्यम है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामोद्योग विकास योजना के तहत प्रदेश के 879 कारीगरों को 3552 आधुनिक मशीनें और टूल किट्स वितरित किए। उनका कहना था कि आधुनिक उपकरण मिलने से कारीगरों की उत्पादन क्षमता बढ़ेगी, उनकी आय में वृद्धि होगी और स्थानीय उद्योगों को नई मजबूती मिलेगी।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के अंतर्गत 504 करोड़ 68 लाख रुपये की मार्जिन मनी सब्सिडी भी जारी की गई। इस योजना का उद्देश्य युवाओं और उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना तथा नए उद्योग स्थापित करने में आर्थिक सहायता प्रदान करना है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए “खादी फॉर नेशन, खादी फॉर फैशन और खादी फॉर ट्रांसफॉर्मेशन” के मंत्र को हरियाणा सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि सिवानी का यह खादी रोजगार उत्सव इसी सोच को धरातल पर उतारने का एक प्रभावी प्रयास है।

इस कार्यक्रम में खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (KVIC) के अध्यक्ष मनोज कुमार, जनप्रतिनिधि, उद्यमी और बड़ी संख्या में कारीगर भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सरकार की ये योजनाएं प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगी और हरियाणा को आत्मनिर्भर एवं उद्यमशील राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Related posts