CM भगवंत मान का बड़ा ऐलान: पुलिस, क्लर्क और आशा वर्कर्स को घर से 40 KM के दायरे में मिलेगी तैनाती

पंजाब: मुख्यमंत्री भगवंत मान आज होशियारपुर के ग्राम भट्लाण पहुंचे, जहां उनका ग्रामीणों ने खासकर माताओं और बहनों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने जनता द्वारा मिले अपार स्नेह और आशीर्वाद के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों का यह विश्वास उनकी सरकार की जनहितकारी नीतियों पर भरोसे को दर्शाता है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम भट्लाण और आसपास की कई पंचायतों को विकास कार्यों के लिए अनुदान राशि के चेक भी सौंपे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांवों के बुनियादी ढांचे, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों का तेजी से विकास हो सके।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कर्मचारियों के हित में एक बड़ा फैसला भी सुनाया। उन्होंने घोषणा की कि पुलिस कांस्टेबल, क्लर्क और आशा वर्कर्स को अब उनके घर से केवल 40 किलोमीटर के दायरे में ही तैनाती देने की व्यवस्था लागू की जाएगी। सरकार का मानना है कि इससे कर्मचारियों को लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी, परिवार के साथ समय मिलेगा और वे अपने काम को अधिक प्रभावी ढंग से कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार लगातार जनता की सुविधाओं और कर्मचारियों के कल्याण के लिए फैसले ले रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब के विकास और लोगों की खुशहाली के लिए सरकार दिन-रात काम करती रहेगी।

सरकार के इस फैसले को कर्मचारियों और ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। अब यह देखना होगा कि इस नई व्यवस्था को किस तरह लागू किया जाता है और इसका लाभ कितने कर्मचारियों तक पहुंचता है।

Related posts