बॉलीवुड ब्रीफ: शाहरुख की दरियादिली से मराठी फिल्म को फायदा, अमित जानी को धमकी और सनी देओल की नई फिल्म का टीजर रिलीज

न्यू दिल्ली : बॉलीवुड और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी कई बड़ी खबरें सामने आई हैं। फिल्म प्रोड्यूसर अमित जानी ने दावा किया है कि उन्हें कथित तौर पर एक धमकी भरा फोन आया है। उनका कहना है कि यह धमकी उनकी आने वाली फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी’ को लेकर दी गई है। अमित जानी ने इस मामले की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राजस्थान के डीजीपी को ईमेल के जरिए दी है। यह फिल्म अभिनेता सलमान खान से जुड़े काले हिरण शिकार मामले से प्रेरित बताई जा रही है। फिल्म का टीजर सामने आने के बाद से ही विवाद बढ़ गया है। सलमान खान ने पर्सनैलिटी राइट्स के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए फिल्म की रिलीज रोकने के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

वहीं दूसरी तरफ बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान की दरियादिली की चर्चा हो रही है। मराठी फिल्म ‘देऊल बंद 2’ के निर्देशक प्रविण तरडे ने फिल्म की सफलता का श्रेय शाहरुख खान और उनकी प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट को दिया है। फिल्म ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 80 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली है। निर्देशक के मुताबिक फिल्म की रिलीज के लिए जरूरी डिजिटल सिनेमा पैकेज तैयार करवाने में शाहरुख की टीम ने उनकी मदद की, जिससे फिल्म समय पर सिनेमाघरों तक पहुंच सकी।

इसके अलावा सनी देओल की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का टीजर भी रिलीज कर दिया गया है। भारत-पाकिस्तान विभाजन की कहानी पर बनी इस फिल्म में आजादी के संघर्ष और बंटवारे के दर्द को दिखाया गया है। टीजर की शुरुआत आमिर खान के वॉयसओवर से होती है, जिसमें देश के इतिहास की झलक दिखाई गई है। फिल्म में सनी देओल, शबाना आजमी, प्रीति जिंटा और अली फजल नजर आएंगे। यह फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Related posts