मुंबई : टेलीविजन के सबसे पसंदीदा शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा के सेट से एक इमोशनल कर देने वाला वीडियो सामने आया है। शो में बाघा का किरदार निभाने वाले एक्टर तन्मय वेकारिया शूटिंग के दौरान अचानक भावुक हो गए और सेट पर फूट-फूटकर रोने लगे। हालत इतनी ज्यादा भावुक हो गई कि कुछ देर के लिए शूटिंग रोकनी पड़ी। बताया जा रहा है कि तन्मय एक लव स्टोरी से जुड़े सीन की शूटिंग कर रहे थे, जिसमें उनके साथ बावरी का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस भी मौजूद थीं। जैसे ही डायरेक्टर ने एक्शन बोला, तन्मय अपना किरदार निभाने के बजाय रोने लगे।
मौके पर मौजूद टीम ने तुरंत शूटिंग रोक दी और उन्हें संभालने की कोशिश की। इसी दौरान शो के प्रोड्यूसर असित मोदी भी वहां पहुंचे और तन्मय का हाथ पकड़कर उन्हें हिम्मत दी। सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि तन्मय काफी इमोशनल नजर आ रहे हैं और असित मोदी उन्हें शांत कराने की कोशिश कर रहे हैं।
दरअसल, तन्मय वेकारिया की मां का अक्टूबर 2025 में निधन हो गया था। उनकी मां को तन्मय का बाघा किरदार काफी पसंद था और वह उन्हें शो में देखकर बेहद खुश होती थीं। मां की याद ने शूटिंग के दौरान तन्मय को भावुक कर दिया।
तन्मय वेकारिया पिछले कई सालों से तारक मेहता का उल्टा चश्मा में बाघा का किरदार निभा रहे हैं। वह गुजराती सिनेमा से भी जुड़े रहे हैं और कई फिल्मों में काम कर चुके हैं। उनके पिता अरविंद वेकारिया भी गुजराती इंडस्ट्री के जाने-माने कलाकार रहे हैं।
साल 2008 में शुरू हुआ तारक मेहता का उल्टा चश्मा आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय है। शो ने हजारों एपिसोड पूरे कर लिए हैं और इसे भारतीय टेलीविजन के सबसे लंबे चलने वाले धारावाहिकों में गिना जाता है। शो कई बार कलाकारों के बदलाव और विवादों को लेकर भी चर्चा में रहा है।
