अमेरिका में क्रिकेट को नई पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के नाइट राइडर्स ग्रुप ने मेजर लीग क्रिकेट यानी MLC के साथ मिलकर अपना नया क्रिकेट स्टेडियम तैयार कर लिया है। कैलिफोर्निया के लॉस एंजिल्स काउंटी के पोमोना शहर के फेयरप्लेक्स में बने इस अत्याधुनिक स्टेडियम का नाम ‘नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड’ रखा गया है। खास बात यह है कि इस पूरे प्रोजेक्ट को केवल 100 दिनों के भीतर पूरा कर लिया गया, जिसे एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
यह मैदान अब मेजर लीग क्रिकेट में लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स यानी LAKR का आधिकारिक होम ग्राउंड होगा। स्टेडियम के उद्घाटन के बाद शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि जो सपना कभी सिर्फ एक कल्पना था, वह आज हकीकत बन चुका है। उन्होंने दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों का इस नए मैदान में स्वागत किया और कहा कि यह सिर्फ क्रिकेट खेलने की जगह नहीं, बल्कि परिवारों, मनोरंजन और यादगार पलों का केंद्र बनेगा।
शाहरुख खान ने इस प्रोजेक्ट को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए ICC चेयरमैन जय शाह और MLC के CEO संजोग गुप्ता का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह मैदान केवल लॉस एंजिल्स के लोगों के लिए नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के क्रिकेट फैंस और नाइट राइडर्स परिवार को समर्पित है। अपने संदेश के अंत में उन्होंने टीम का मशहूर नारा ‘Believe in Purple and Gold’ भी दोहराया।
शाहरुख खान द्वारा शेयर किए गए वीडियो में पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी क्रिकेटर अली खान भी दिखाई दिए, जो अमेरिका की राष्ट्रीय टीम और लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स दोनों का हिस्सा हैं। इसके अलावा वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी ड्वेन ब्रावो और सुनील नरेन भी वीडियो में नजर आए। अमेरिका में क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता के बीच इस नए स्टेडियम को खेल के भविष्य के लिए एक अहम कदम माना जा रहा है।
