उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं लखनऊ व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को सिंगल यूज़ प्लास्टिक से पर्यावरण एवं मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों तथा उसके व्यवहारिक विकल्पों पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. रविन्द्र प्रताप सिंह ने की। बैठक में मुख्य पर्यावरण अधिकारी प्रवीण कुमार एवं क्षेत्रीय अधिकारी जे.पी. मौर्य भी उपस्थित रहे। लखनऊ व्यापार मंडल का प्रतिनिधित्व अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने किया।

बैठक की शुरुआत में डॉ. रविन्द्र प्रताप सिंह ने व्यापारियों से सुझाव आमंत्रित करते हुए कहा कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर प्रभावी नियंत्रण तभी संभव है जब सरकार, व्यापारी और आम नागरिक मिलकर व्यवहारिक समाधान अपनाएँ।
वरिष्ठ महामंत्री जितेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि कम कीमत पर उपलब्ध प्लास्टिक की पानी की बोतलों एवं ठेला-रेहड़ी संचालकों द्वारा इनके अत्यधिक उपयोग के कारण प्लास्टिक का प्रयोग लगातार बढ़ रहा है। महामंत्री सोमेश मिश्रा ने बताया कि चंद्रनगर आलमबाग व्यापार मंडल के व्यापारियों ने सिंगल यूज़ पॉलिथीन का पूर्ण बहिष्कार कर चाय कुल्हड़ में देना शुरू किया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव पूरे बाजार में देखने को मिल रहा है।

ट्रांस गोमती अध्यक्ष एवं भूतनाथ व्यापार मंडल के अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता ने बताया कि भूतनाथ बाजार में व्यापारियों से सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग न करने की अपील की गई थी, जिसका परिणाम यह है कि लगभग 99 प्रतिशत बाजार में इसका उपयोग बंद हो चुका है।
