पुरी जगन्नाथ रथयात्रा में 1 की मौत, 5 लोग बीमार, सरकार ने भगदड़ से किया इनकार

देश : पुरी की विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान गुरुवार को एक दुखद घटना सामने आई, जहां भारी भीड़ के बीच एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोगों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस साल भी रथयात्रा में लाखों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा और तेज बारिश के बावजूद लोगों की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। प्रशासन के अनुसार करीब 12 लाख से अधिक श्रद्धालु यात्रा मार्ग पर मौजूद थे।

शाम करीब पांच बजे पहांडी रस्म के दौरान भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ अचानक रथों की ओर बढ़ने लगी। मौके पर मौजूद स्वयंसेवक और सुरक्षाकर्मी लोगों को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन इसी दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। कुछ लोग संतुलन खोकर एक-दूसरे पर गिर पड़े, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

भीड़ और उमस के कारण कई श्रद्धालुओं को सांस लेने में परेशानी हुई। पांच लोगों की तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं एक श्रद्धालु की मौत हो गई। फिलहाल प्रशासन मौत के कारणों की जांच कर रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

रथयात्रा की शुरुआत से पहले पुरी में तेज बारिश हुई, लेकिन खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। लोग घंटों तक भीगते हुए भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन के लिए डटे रहे।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने बयान जारी कर कहा कि पूरी रथयात्रा का आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। सरकार ने स्पष्ट किया कि किसी तरह की भगदड़ नहीं हुई और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय रही। अधिकारियों के अनुसार भीड़ अधिक होने के कारण यह घटना हुई, जिसकी जांच की जा रही है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा निर्देशों का पालन करें ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

Related posts