टेस्ला की सेकेंड जनरेशन रोडस्टर को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। एलन मस्क की कंपनी अपनी नई इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार को 1 अक्टूबर को पेश करने की तैयारी में है। टेस्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर “Go for Launch” पोस्ट किया है, जिसमें 10.01 की तारीख दिखाई गई है।
सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि नई रोडस्टर में कोल्ड गैस थ्रस्टर्स दिए जा सकते हैं। इनकी मदद से कार को जमीन से थोड़ी ऊंचाई तक उठाने या तेज परफॉर्मेंस देने की क्षमता मिल सकती है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि कार किसी विमान की तरह उड़ सकेगी। संभावित तकनीक का इस्तेमाल शॉर्ट-टर्म लिफ्ट और परफॉर्मेंस बूस्ट के लिए हो सकता है।
टेस्ला ने दूसरी पीढ़ी की रोडस्टर को पहली बार नवंबर 2017 में पेश किया था। उस समय उम्मीद थी कि कार 2020 तक बाजार में आ जाएगी, लेकिन डिजाइन और मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी चुनौतियों के कारण लॉन्च लगातार टलता रहा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ने पुराने डिजाइन में बड़े बदलाव किए हैं और नई रोडस्टर पूरी तरह नए और अपग्रेडेड अवतार में सामने आ सकती है। हालांकि इसके कई फीचर्स अभी भी कंपनी ने सार्वजनिक नहीं किए हैं।
एलन मस्क पहले ही संकेत दे चुके हैं कि अनवील के बाद भी कार के प्रोडक्शन में 12 से 18 महीने लग सकते हैं।
रोडस्टर टेस्ला की पहली कार भी थी। शुरुआती मॉडल को ब्रिटिश कंपनी लोटस के प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया था। मस्क ने उस कार में बेहतर डिजाइन, चौड़ी सीट्स, कार्बन फाइबर बॉडी और इलेक्ट्रिक डोर हैंडल जैसे कई बदलाव करवाए थे।
अब सवाल यही है कि 1 अक्टूबर को टेस्ला दुनिया को सिर्फ नई रोडस्टर दिखाएगी या थ्रस्टर्स का कोई बड़ा डेमो भी करेगी? इसका जवाब लॉन्च इवेंट में मिल सकता है।
