जनता के द्वार पहुंच रही धामी सरकार

उत्तराखंड की धामी सरकार शासन-प्रशासन को जनता के करीब लाने की दिशा में नई पहल कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज धर्मनगरी हरिद्वार में गंगा पूजन के बाद राज्य मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। सरकार की यह पहल कैबिनेट बैठकों को राजधानी देहरादून तक सीमित रखने के बजाय प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में आयोजित करने की रणनीति का हिस्सा है।इससे पहले सीमांत जनपद चम्पावत के बनबसा में कैबिनेट बैठक आयोजित की गई थी। अब हरिद्वार में मंत्रिमंडल की बैठक के जरिए सरकार क्षेत्रीय जरूरतों और विकास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने का संदेश दे रही है।

मुख्यमंत्री धामी की इस पहल का उद्देश्य शासन की निर्णय प्रक्रिया को जनपदों तक पहुंचाना, स्थानीय समस्याओं को समझना और विकास कार्यों को गति देना है। अलग-अलग क्षेत्रों में कैबिनेट बैठकें आयोजित करने से स्थानीय परिस्थितियों और जरूरतों के अनुरूप फैसले लेने में भी मदद मिल सकती है।सरकार की इस पहल को सुशासन और संतुलित क्षेत्रीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सीमांत क्षेत्रों से लेकर धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले शहरों तक कैबिनेट बैठकों का आयोजन यह संदेश देता है कि प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर देते रहे हैं। ऐसे में जनपदों में कैबिनेट बैठक आयोजित करने की पहल सरकार और जनता के बीच संवाद, विश्वास और सहभागिता को मजबूत करने का माध्यम बन सकती है।चम्पावत के बाद हरिद्वार में कैबिनेट बैठक के आयोजन से धामी सरकार ने राजधानी से बाहर भी शासन की सक्रियता बढ़ाने और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों को निर्णय प्रक्रिया से जोड़ने की अपनी मंशा जाहिर की है।

Related posts