गैरसैंण को 231.91 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

गैरसैंण। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में चमोली जिले के विकास को गति देते हुए 231.91 करोड़ रुपये की 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की 6 योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ रुपये की 6 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

इन योजनाओं के तहत पेयजल आपूर्ति, सड़क संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य, भू-धंसाव से सुरक्षा और पुलिस एवं अग्निशमन सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।

रामगंगा नदी पर बनेगा बांध, पेयजल समस्या से मिलेगी राहत

मुख्यमंत्री ने गैरसैंण शहर और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बेहतर बनाने के लिए रामगंगा नदी पर बांध निर्माण की 122.69 करोड़ रुपये की योजना का शिलान्यास किया। इसके अलावा कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में 50.18 करोड़ रुपये की लागत से भू-धंसाव से बचाव के कार्यों की आधारशिला रखी।

शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 12.16 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन निर्माण और बछुवाबाण स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में 22.75 लाख रुपये की लागत से भवन अनुरक्षण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।

वहीं, कुमोली रैवान मोटर मार्ग और गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्ग से जुड़ी सड़क परियोजनाओं पर भी काम शुरू किया जाएगा। इन दोनों योजनाओं की लागत क्रमशः 6.99 करोड़ और 5.60 करोड़ रुपये है।

सड़क और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई छह विकास योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें 14.82 करोड़ रुपये की लागत से खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग के उच्चीकरण का कार्य शामिल है।

इसके साथ ही राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ऑडिटोरियम भवन जनता को समर्पित किया गया। सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग पर सुधार एवं डामरीकरण और कारगिल शहीद रणजीत सिंह (आगर-जिनगोड़) मोटर मार्ग पर सुधार, डामरीकरण एवं नवीनीकरण के कार्य भी पूरे हो चुके हैं।

पुलिस और अग्निशमन व्यवस्था होगी मजबूत

गैरसैंण में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए मुख्यमंत्री ने 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित फायर यूनिट भवन और 4.24 करोड़ रुपये की लागत से बने थाना गैरसैंण भवन का लोकार्पण किया।

इन नई सुविधाओं से क्षेत्र में अग्निशमन सेवाओं और पुलिस व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर

इन विकास योजनाओं का उद्देश्य गैरसैंण और आसपास के क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना है। रामगंगा नदी पर प्रस्तावित बांध से पेयजल आपूर्ति बेहतर बनाने, बहुगुणानगर में भू-धंसाव से सुरक्षा कार्यों के जरिए स्थानीय आबादी को राहत देने और सड़क परियोजनाओं से आवागमन सुगम बनाने पर जोर दिया गया है।

इसके अलावा शिक्षण संस्थानों के बुनियादी ढांचे के विकास और पुलिस एवं अग्निशमन सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र की शैक्षिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूती मिलेगी।

Related posts