नेपाल में लैंडिंग के दौरान दो हेलिकॉप्टरों की टक्कर, भारतीय पर्यटक की मौत; न्यूजीलैंड का नागरिक समेत 3 घायल

दिल्ली: नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र से एक बड़े हेलिकॉप्टर हादसे की खबर सामने आई है। यहां लैंडिंग के दौरान दो हेलिकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस दर्दनाक हादसे में एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई, जबकि न्यूजीलैंड का एक नागरिक और दोनों हेलिकॉप्टरों के पायलट घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 8 बजकर 11 मिनट पर नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में स्थित फेरीचे हेलीपैड पर यह हादसा हुआ। यहां फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के हेलिकॉप्टर अलग-अलग दिशाओं से आकर लैंडिंग करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के रोटर ब्लेड आपस में टकरा गए और हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गए।

हादसे में फिशटेल एयर के हेलिकॉप्टर में सवार भारतीय पर्यटक वसंत कुमार बालारामारामाडु की मौत हो गई। वहीं, भारतीय मूल के न्यूजीलैंड नागरिक शैलेश कृष्ण पटेल घायल हो गए। उन्हें रेस्क्यू कर हेलिकॉप्टर की मदद से काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों हेलिकॉप्टरों के पायलट भी घायल बताए जा रहे हैं।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हेलीपैड पर बर्फ जमी होने और दोनों हेलिकॉप्टरों के एक ही समय पर उतरने की कोशिश को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

गौरतलब है कि नेपाल का एवरेस्ट क्षेत्र बेहद ऊंचाई पर स्थित है। यहां मौसम में अचानक बदलाव, कम दृश्यता, पहाड़ी इलाके, तेज हवाएं और सीमित लैंडिंग स्पेस हवाई सेवाओं के लिए बड़ी चुनौती बनते हैं।

इससे पहले 30 अक्टूबर को उत्तराखंड के चमोली में भी हेलिकॉप्टर क्रैश हुआ था, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई थी।

फिलहाल नेपाली अधिकारी हादसे की जांच कर रहे हैं।

 

Related posts