लखनऊ LDA को मिले नए उपाध्यक्ष अनुज सिंह, प्रथमेश कुमार बने सीतापुर के DM

LUCKNOW: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस बदलाव में लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) को नया उपाध्यक्ष मिल गया है। मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रहे आईएएस अधिकारी अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण का नया उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, अब तक एलडीए के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रथमेश कुमार को सीतापुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।

शुक्रवार देर रात जारी हुई तबादला सूची के बाद प्रदेश की नौकरशाही में कई महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिले हैं। अनुज सिंह पिछले करीब छह महीने से मुख्यमंत्री के विशेष सचिव के पद पर तैनात थे। अब उन्हें राजधानी लखनऊ में विकास और शहरी व्यवस्थाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अनुज सिंह इससे पहले सीतापुर और मुरादाबाद में जिलाधिकारी के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

वहीं, प्रथमेश कुमार करीब दो साल तक लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रहे। उन्होंने 15 जुलाई 2024 को एलडीए के उपाध्यक्ष का पदभार संभाला था। अब उन्हें सीतापुर जिले की प्रशासनिक कमान सौंपी गई है। सीतापुर के मौजूदा जिलाधिकारी राजागणपति आर को सूडा का निदेशक बनाया गया है।

इस प्रशासनिक फेरबदल में केवल लखनऊ और सीतापुर ही नहीं, बल्कि प्रदेश के कई अन्य जिलों और विभागों में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। कुल 38 आईएएस अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है, जिसमें पांच जिलों के जिलाधिकारी भी शामिल हैं।

सरकार के इस फैसले के बाद अब लखनऊ विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी अनुज सिंह संभालेंगे। वहीं, प्रथमेश कुमार सीतापुर में जिलाधिकारी के रूप में अपनी नई पारी शुरू करेंगे। आने वाले दिनों में दोनों अधिकारियों की नई जिम्मेदारियों पर प्रशासनिक और विकास कार्यों को लेकर नजर रहेगी।

Related posts