दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश के विभिन्न स्थलों पर सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में कुल 4 हजार 29 स्थलों को चिह्नित किया गया है। इनमें से 3 हजार 955 स्थलों पर सौंदर्यीकरण कार्यों की शुरुआत की जा रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि कुछ लोग संविधान की प्रति लेकर घूमते हैं, लेकिन अगर उन्होंने वास्तव में संविधान पढ़ा होता तो संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र को लेकर इस तरह भ्रम फैलाने का प्रयास नहीं करते।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब इन लोगों को सत्ता में रहने का अवसर मिला, तब इन्होंने अपने स्वार्थ के लिए संविधान में संशोधन किए और संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने का प्रयास किया। मुख्यमंत्री ने प्रेस की आजादी और लोकतांत्रिक व्यवस्था का भी जिक्र किया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2015 में डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था।
मुख्यमंत्री ने संविधान की प्रस्तावना के शब्द ‘हम भारत के लोग’ का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, बल्कि आम नागरिकों में निहित है।
उन्होंने संविधान सभा में उत्तर प्रदेश के 55 सदस्यों और 15 महिला सदस्यों में से 6 के यूपी से होने का भी जिक्र किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने कहा कि महापुरुषों और अपनी विरासत पर गौरव करने वाला समाज ही अपने भविष्य को मजबूत बना सकता है।
