मामला लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके का है। मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले महेंद्र दास दिल्ली के करोल बाग में सोने के आभूषण बनाने और व्यापारियों तक पहुंचाने का काम करते हैं। 21 नवंबर की रात वह जौनपुर से जेवरात लेकर बस के जरिए दिल्ली लौट रहे थे।
रात करीब डेढ़ बजे खुर्दही बाजार के पास एचपी पेट्रोल पंप पर कुछ लोगों ने बस रुकवाई। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और तस्करी का आरोप लगाकर महेंद्र दास को जबरन बस से नीचे उतार लिया। इसके बाद उन्हें सफेद स्विफ्ट डिजायर कार में बैठाकर उनका मोबाइल, नकदी और करीब एक किलो सोना लूट लिया।
जांच में सामने आया कि जौनपुर में तैनात सिपाही विनय शंकर ने लूट की पूरी योजना तैयार की थी। वहीं, लखनऊ कमिश्नरेट में तैनात सिपाही दुर्गेश कुशवाहा भी इस वारदात में शामिल था। बस में मौजूद अविनाश शाही ने कारोबारी की पहचान कर अपने साथियों को सूचना दी थी।
पुलिस ने दुर्गेश कुशवाहा, अविनाश शाही, तिलक मांझी, प्रीतम सोनी और राहुल चौहान को गिरफ्तार किया है। वहीं, मुख्य साजिशकर्ता विनय शंकर समेत चार आरोपी अभी फरार हैं।
जॉइंट पुलिस कमिश्नर बब्लू कुमार के मुताबिक, आरोपियों ने पहले पूरी योजना बनाई और फिर वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश और लूटे गए सोने की बरामदगी में जुटी है।
