दर्दनाक हादसे के बाद बवाल! युवक की मौत पर भड़के लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगाई आग

अलीगढ़ जनपद के चंडौस कस्बे में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में आग लगा दी और शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया। पुलिस के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे डायल-112 के माध्यम से चंडौस कस्बे में सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि बाइक और अनाज से भरे ट्रैक्टर के बीच टक्कर हो गई थी। हादसे में एलमपुरा निवासी अभय पुत्र कालीचरण की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से नाराज लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में आग लगा दी तथा शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर तत्काल काबू पा लिया, जबकि पुलिस ने परिजनों और स्थानीय लोगों से वार्ता कर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों से प्राप्त लिखित तहरीर के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related posts