उत्तर प्रदेश: जनपद कुशीनगर के हाटा कोतवाली क्षेत्र के अनंतपुर गांव निवासी सेना के जवान राजबहादुर उर्फ मनोज (42 वर्ष) पिछले दस दिनों से लापता हैं। परिजनों के द्वारा पुलिस में तहरीर देने के बावजूद अभी तक उनका कोई पता नहीं चला है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक राजबहादुर पुत्र राधे प्रसाद सिंह की तैनाती उत्तराखंड के हरिद्वार में थी। हाल ही में उनका ट्रांसफर जम्मू में हुआ था। वह एक महीने की छुट्टी लेकर अपने घर आए थे। उनका नया मकान गोरखपुर के नैना थापा में है। 23 अगस्त की सुबह करीब 7:30 बजे वह घर से टी-शर्ट, लोअर और हवाई चप्पल पहनकर टहलने निकले थे। लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं लौटे। परिजनों ने पहले गोरखपुर और फिर पैतृक गांव अनंतपुर में खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी हाथ नहीं लगी।
गायब जवान की पत्नी मीना देवी गोरखपुर में रहती हैं। उनके दो बच्चे हैं—बड़ा बेटा निलेश, जो कर्नाटक के बेलगाम स्थित आर्मी स्कूल में कक्षा 7 का छात्र है, और बेटी नव्या सिंह, जो एलकेजी में पढ़ती है। ससुराल हाटा कोतवाली क्षेत्र के पिपराइच्या कुटी में है।
पिता राधे प्रसाद सिंह ने बताया कि बेटा 26 अगस्त को ट्रेनिंग के लिए जम्मू जाने वाला था। लेकिन 23 अगस्त से ही लापता है। गोरखपुर के एम्स थाने में तहरीर दी गई है, साथ ही परिवार और रिश्तेदार अपने स्तर से भी लगातार खोज कर रहे हैं। मां का रो-रो कर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि कभी-कभी बेटे की मानसिक स्थिति बिगड़ जाती थी, यहां तक कि वह परिजनों को भी पहचान नहीं पाता था।

परिजनों ने बताया कि राजबहादुर का स्वभाव मिलनसार था और पत्नी से किसी प्रकार का विवाद भी नहीं था। वह हमेशा समय पर घर लौट आते थे। लेकिन इस बार अचानक लापता हो जाने से पूरा परिवार सदमे में है। दरवाजे पर लगातार लोगों की भीड़ लगी रहती है।
उधर सेना भी इस मामले में नजर बनाए रखी है। लोग सोशल मीडिया पर लगातार फोटो शेयर कर रहे हैं, लेकिन 15 दिन बाद भी गायब जवान का कोई सुराग नहीं मिल पाया। परिजनों की निगाहें पुलिस और सेना विभाग के कोशिशों पर टिकी हुई है।
