IRCTC की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च, 24 साल बाद बदलने जा रहा टिकट बुकिंग का अनुभव

भारतीय रेलवे ने IRCTC की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च कर दिया है। फिलहाल इसे सभी यूजर्स के लिए स्थायी रूप से लागू नहीं किया गया है, बल्कि लोगों से फीडबैक लेने के लिए टेस्टिंग के तौर पर उपलब्ध कराया गया है। रेलवे का उद्देश्य यह जानना है कि नई वेबसाइट पर टिकट बुकिंग का अनुभव कितना आसान है, कौन-से फीचर्स बेहतर काम कर रहे हैं और किन क्षेत्रों में अभी सुधार की जरूरत है।

रेलवे के अनुसार, यूजर्स से मिलने वाले सुझावों और अनुभवों के आधार पर वेबसाइट में जरूरी बदलाव किए जाएंगे। इसके बाद नए पोर्टल को आधिकारिक तौर पर सभी के लिए लॉन्च किया जाएगा।

क्या होता है बीटा वर्जन?

बीटा वर्जन किसी भी वेबसाइट, ऐप या सॉफ्टवेयर का शुरुआती संस्करण होता है, जिसे आम लोगों के इस्तेमाल के लिए जारी किया जाता है। इसका मकसद यह समझना होता है कि वास्तविक यूजर्स को इस्तेमाल के दौरान किन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और कौन-से फीचर्स बेहतर तरीके से काम कर रहे हैं।

इस दौरान यूजर्स अपने सुझाव और फीडबैक देते हैं, जिनके आधार पर डेवलपर्स आवश्यक सुधार करते हैं। सभी बदलाव पूरे होने के बाद ही फाइनल या ओरिजनल वर्जन लॉन्च किया जाता है।

24 साल बाद बदल रही है IRCTC वेबसाइट

IRCTC की वेबसाइट पहली बार साल 2002 में शुरू की गई थी। तब से लेकर अब तक करोड़ों लोग इसी प्लेटफॉर्म के जरिए रेलवे टिकट बुक करते हैं। रेलवे के मुताबिक, यह वेबसाइट हर दिन औसतन 14.5 लाख से अधिक टिकट बुकिंग संभालती है।

लगातार बढ़ते ट्रैफिक और बदलती जरूरतों को देखते हुए अब वेबसाइट के डिजाइन और काम करने के तरीके में बड़ा बदलाव किया जा रहा है, ताकि टिकट बुकिंग पहले से अधिक आसान, तेज और सुविधाजनक हो सके।

नई बीटा वेबसाइट कैसे करें इस्तेमाल?

यूजर्स नई बीटा वेबसाइट का इस्तेमाल https://www.irctc.co.in/eticket/ पर जाकर कर सकते हैं। इसके अलावा मौजूदा IRCTC वेबसाइट के होमपेज पर भी बीटा वर्जन का लिंक उपलब्ध कराया जाएगा।

नई वेबसाइट में क्या है खास?

रेल मंत्रालय के अनुसार, नई वेबसाइट का सबसे बड़ा बदलाव इसका नया और साफ-सुथरा डिजाइन है। इसमें पहले की तुलना में अनावश्यक पॉप-अप, चमकदार एलिमेंट और ध्यान भटकाने वाली चीजों को काफी कम किया गया है, जिससे यूजर्स जरूरी जानकारी पर आसानी से फोकस कर सकेंगे।

इसके अलावा सीट उपलब्धता देखने के तरीके में भी बड़ा बदलाव किया गया है। पहले अलग-अलग क्लास की सीटें देखने के लिए यूजर्स को बार-बार विकल्प बदलना पड़ता था, लेकिन अब एक ही स्क्रीन पर विभिन्न श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता देखी जा सकेगी। इससे सही विकल्प चुनना पहले की तुलना में अधिक आसान हो जाएगा।

रेलवे का मानना है कि नई वेबसाइट यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग का अनुभव पहले से ज्यादा सरल, तेज और सुविधाजनक बनाएगी।

Related posts