काकोरी में गैस गोदाम पर बड़ी लूट, 409 खाली सिलेंडर ले गए बदमाश; मजदूरों से मारपीट का आरोप

Lucknow: लखनऊ के काकोरी से एक बड़ी लूट का मामला सामने आया है, जहां पुरैना गांव स्थित भारत गैस गोदाम से 409 खाली गैस सिलेंडर और मजदूरों की मजदूरी के 22 हजार रुपये लूटने का आरोप लगा है। इतना ही नहीं, बदमाशों पर गोदाम में मौजूद मजदूरों के साथ मारपीट करने और एक मजदूर को अपने साथ ले जाने का भी आरोप है।

मामला काकोरी थाना क्षेत्र का है। गैस एजेंसी के मालिक इस्लाम अहमद अब्बासी ने मोहम्मद यूसुफ समेत पांच लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत के मुताबिक, 6 अक्टूबर 2026 को शाम करीब पांच बजे मोहम्मद यूसुफ चार अन्य लोगों के साथ कार से गोदाम पहुंचा था। मजदूरों से पूछताछ करने के बाद सभी वहां से चले गए। आरोप है कि रात करीब साढ़े आठ बजे पांचों लोग दोबारा गोदाम पहुंचे। उस समय मजदूर खाना बना रहे थे।

आरोप है कि बदमाशों ने मजदूरों के साथ मारपीट की और उनका खाना फेंक दिया। इसके बाद गोदाम के गेट का ताला तोड़कर अंदर रखे 409 खाली गैस सिलेंडर और मजदूरों की मजदूरी के 22 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।

एजेंसी मालिक का यह भी आरोप है कि मजदूरों को धमकी देकर वहां से भगा दिया गया। घटना की जानकारी रात करीब 12 बजे कंप्यूटर ऑपरेटर धीरज कुमार ने फोन पर दी। अगले दिन गोदाम की दीवारें टूटी हुई मिलीं और सीसीटीवी कैमरा भी क्षतिग्रस्त पाया गया।

शिकायत में प्रमोद कुमार नाम के मजदूर को भी अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया गया है, जिसके बारे में अभी जानकारी नहीं मिलने की बात कही गई है।

वहीं, काकोरी थाना प्रभारी सतीश चंद्र राठौर के मुताबिक, मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Related posts