CBSE ने 12वीं की वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन की तारीख बढ़ाई, साइबर अटैक के बीच छात्रों को मिली राहत

न्यू दिल्ली : CBSE ने 12वीं बोर्ड परीक्षा के छात्रों को बड़ी राहत देते हुए आंसर शीट वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 6 जून से बढ़ाकर 7 जून कर दी है। बोर्ड का कहना है कि कई छात्रों को पोर्टल पर तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, इसलिए उन्हें अतिरिक्त समय दिया गया है। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब CBSE का पोस्ट-रिजल्ट सर्विसेज पोर्टल लगातार साइबर हमलों का सामना कर रहा है।

बोर्ड के अनुसार, 2 जून से शुरू हुए ऑनलाइन पोर्टल पर पिछले तीन दिनों में कई बार साइबर अटैक किए गए। शरारती तत्वों ने वेबसाइट को ठप करने के लिए ‘डिनायल ऑफ सर्विस’ हमला किया, जिसके चलते कुछ ही मिनटों में पोर्टल पर करीब 15 लाख हिट्स दर्ज हुईं। इसके अलावा एक लाख से ज्यादा बार बिना अनुमति फाइलों तक पहुंचने की कोशिश भी की गई। हालांकि CBSE ने स्पष्ट किया है कि अब तक किसी भी छात्र का डेटा लीक नहीं हुआ है और न ही किसी प्रकार का अनधिकृत एक्सेस सामने आया है।

अधिकारियों के मुताबिक, 4 जून तक कुल 70 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 7,314 आवेदन मार्क्स वेरिफिकेशन और 63,119 आवेदन री-इवैल्यूएशन के लिए किए गए हैं। बढ़ती शिकायतों और तकनीकी समस्याओं के बीच बोर्ड ने IIT कानपुर, IIT मद्रास, CERT-In, डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन और अन्य केंद्रीय एजेंसियों की मदद से साइबर सुरक्षा को और मजबूत किया है।

इस साल CBSE ने पहली बार ऑन-स्क्रीन मार्किंग यानी OSM सिस्टम लागू किया था। रिजल्ट जारी होने के बाद कई छात्रों ने मूल्यांकन प्रक्रिया पर सवाल उठाए। कुछ छात्रों ने कम अंक मिलने और कॉपियों की जांच में गड़बड़ी के आरोप लगाए। इन विवादों के बीच अब बोर्ड ने जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है और छात्रों को अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच कराने का अवसर दिया है।

Related posts