घरेलू LPG सिलेंडर फिर महंगा, तीन महीने में दूसरी बार बढ़े दाम

न्यू दिल्ली : देशभर के करोड़ों उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। घरेलू LPG गैस सिलेंडर की कीमत में 29 रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें आधी रात से लागू हो गई हैं। राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत अब 913 रुपए से बढ़कर 942 रुपए हो गई है। खास बात यह है कि पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले मार्च में सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए का इजाफा किया गया था। इस तरह तीन महीने के भीतर घरेलू LPG सिलेंडर कुल 89 रुपए महंगा हो चुका है।

समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, सरकारी तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा कीमतों में लगातार बढ़ोतरी और घरेलू बिक्री पर हो रहे नुकसान के कारण यह फैसला लेना पड़ा। सूत्रों के अनुसार, कंपनियों को हर घरेलू सिलेंडर पर लगभग 703 रुपए का नुकसान हो रहा था। हालांकि ताजा बढ़ोतरी के बाद भी इस नुकसान की पूरी भरपाई नहीं हो पाएगी।

केवल 14.2 किलो वाले सिलेंडर ही नहीं, बल्कि 5 किलोग्राम वाले छोटे LPG सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही इसकी कीमत बढ़कर 821.50 रुपए हो गई है। LPG से पहले पेट्रोल, डीजल और CNG की कीमतों में भी हाल के हफ्तों में बढ़ोतरी देखी गई है। मई महीने में पेट्रोल और डीजल करीब 7.50 रुपए प्रति लीटर तथा CNG लगभग 6 रुपए प्रति किलोग्राम महंगी हुई है।

विशेषज्ञों के अनुसार, गैस सिलेंडर की कीमतें अंतरराष्ट्रीय LPG दरों, डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति, आयात और परिवहन लागत, बॉटलिंग एवं वितरण खर्च के साथ-साथ सरकार की टैक्स और सब्सिडी नीतियों के आधार पर तय की जाती हैं। ऐसे में आने वाले समय में वैश्विक बाजार की स्थिति का सीधा असर उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ सकता है।

Related posts