उत्तर प्रदेश: आगरा में ड्रग विभाग और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में नकली दवाओं के कारोबार का बड़ा नेटवर्क उजागर हुआ है। विशेष सचिव रेखा एस. चौहान ने मंडलायुक्त सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि यह कारोबार संगठित गैंग की तरह कई राज्यों में फैला हुआ था। जांच में बंसल मेडिकल स्टोर से जुड़े संजय बंसल, मुकेश बंसल और सोहित बंसल को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पहले एक करोड़ की रिश्वत देने के आरोप में हिमांशु अग्रवाल को जेल भेजा जा चुका है। छापेमारी में हे मां मेडिकल के गोदाम से 60 करोड़ की दवाएं सीज और साढ़े पांच करोड़ की दवाएं जब्त की गईं। अब तक चार मुकदमे दर्ज और चार गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। रेखा एस. चौहान ने बताया कि जिन दुकानदारों ने छापेमारी के दौरान दुकानें बंद कीं, उनकी भी जांच होगी। फरार माफिया राजा सिंह की गिरफ्तारी के लिए टीमें चेन्नई और पुडुचेरी भेजी जाएंगी। जनता को नकली और असली दवा की पहचान के प्रति जागरूक करने की भी योजना है।
