लखनऊ में सुबह-सुबह दो जगह आग से हड़कंप: वन स्टॉप सेंटर और अमीनाबाद मार्केट में लगी आग, व्यवस्था पर उठे सवाल

लखनऊ में शुक्रवार सुबह करीब डेढ़ घंटे के भीतर दो अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की घटनाओं ने शहर की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहली घटना कानपुर रोड स्थित लोकबंधु अस्पताल परिसर में संचालित आशा ज्योति (वन स्टॉप) सेंटर में हुई, जबकि दूसरी घटना अमीनाबाद के गड़बड़झाला स्थित सिंगार महल मार्केट की एक दुकान में सामने आई।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 5:30 बजे आशा ज्योति केंद्र के विद्युत पैनल में आग लग गई। आग लगते ही केंद्र में अफरा-तफरी मच गई। लोकबंधु अस्पताल के कर्मचारियों और अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस घटना में लाइट पैनल और फॉल्स सीलिंग को नुकसान पहुंचा, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।

केंद्र प्रभारी अर्चना सिंह ने आरोप लगाया कि गुरुवार शाम से ही बिजली बार-बार ट्रिप हो रही थी और इसकी सूचना बिजली विभाग को दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। आग लगने के बाद भी अधिकारियों ने फोन रिसीव नहीं किया।

वहीं दूसरी घटना अमीनाबाद के सिंगार महल मार्केट में हुई, जहां दुकान संख्या-81 के एसी में आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। बंद शटर को काटकर दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। इस घटना में भी कोई जनहानि नहीं हुई।

गौरतलब है कि हाल ही में अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड के बाद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के दावे किए गए थे, लेकिन ताजा घटनाओं ने आपातकालीन सेवाओं और विभागीय समन्वय की तैयारियों पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related posts