बंगाल में BJP सरकार का पहला बजट, 1 लाख नौकरियों का ऐलान; महिलाओं को आरक्षण और बेरोजगारों को भत्ता

देश: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अपना पहला बजट पेश करते हुए कई बड़े ऐलान किए हैं। वित्त मंत्री स्वप्न दासगुप्ता ने विधानसभा में बजट पेश करते हुए राज्य में 1 लाख सरकारी पदों पर भर्ती की घोषणा की। सरकार के मुताबिक इन भर्तियों में 20 हजार पुलिस कर्मियों और 50 हजार शिक्षक व गैर-शिक्षकीय पदों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का भी ऐलान किया गया है।

बजट में युवाओं को लेकर भी कई घोषणाएं की गई हैं। सरकार ने बेरोजगार युवाओं को हर महीने 3000 रुपये भत्ता देने की बात कही है। वहीं अग्निवीरों के लिए सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान रखा गया है। सरकारी कर्मचारियों को भी राहत देते हुए 1 अक्टूबर से महंगाई भत्ता यानी DA को 18 प्रतिशत से बढ़ाकर 38 प्रतिशत करने की घोषणा की गई है।

महिलाओं के लिए अन्नपूर्णा योजना पर सरकार ने 36 हजार करोड़ रुपये खर्च करने का ऐलान किया है। वहीं अल्पसंख्यक कल्याण और मदरसा विभाग के बजट में बड़ी कटौती की गई है। इसका फंड 5713 करोड़ रुपये से घटाकर 2165 करोड़ रुपये कर दिया गया है। सरकार का कहना है कि पिछली सरकार से उसे 8.15 लाख करोड़ रुपये का कर्ज मिला है, लेकिन इसके बावजूद विकास और प्रशासनिक सुधारों पर काम किया जाएगा।

इससे पहले राज्य सरकार ने मदरसों में वंदे मातरम को अनिवार्य करने का आदेश भी जारी किया था। सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और बिना सहायता वाले मदरसों में अब सुबह की प्रार्थना के दौरान इसे गाना होगा और इसकी रिपोर्ट विभाग को देनी होगी।

भाजपा सरकार ने CAA लागू करने की प्रक्रिया, BSF को जमीन देने, आयुष्मान भारत योजना लागू करने और पुरानी चुनावी हिंसा से जुड़े मामलों में पीड़ित परिवारों को सहायता जैसे कई फैसलों की भी घोषणा की है। सरकार का दावा है कि ये फैसले राज्य में रोजगार, सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उठाए गए हैं।

Related posts